देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलशों की चार यात्राएं आज यानी शुक्रवार से भाजपा प्रदेश कार्यालय से रवाना होंगी। यात्राओं के समापन पर 24 अगस्त को ऋषिकेश, बागेश्वर व हल्द्वानी में और बद्रीनाथ में 25 अगस्त को प्रात: पूर्ण सम्मान के साथ अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन नें बताया कि 24 अगस्त को पहली यात्रा बागेश्वर के लिए तड़के प्रदेश कार्यालय से रवाना होंगी जिसका नेतृत्व प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रेखा आर्य व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा करेंगे। यह यात्रा रामनगर, रानीखेत, बग्वाली पोखर, बिन्ता, सोमेश्वर, कौसानी व गरुड़ होते हुए बागेश्वर पहुंचेगी। जहां सरयू नदी में अस्थियों को प्रवाहित किया जाएगा। दूसरी यात्रा प्रात: छह बजे हल्द्वानी के लिए रवाना होगी जिसका नेतृत्व प्रदेश सरकार में मंत्री मदन कौशिक करेंगे। साथ ही प्रदेश महामंत्री गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट व ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा भी यात्रा की अगुवाई करेंगे। यात्रा जसपुर, काशीपुर, गदरपुर, रुद्रपुर होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी जहां चित्रशिला घाट पर अस्थि विसर्जन किया जाएगा। बद्रीनाथ धाम के लिए यात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत करेंगे। प्रात: साढ़े सात बजे प्रदेश कार्यालय से प्रस्थान करेगी। यह यात्रा देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग आदि स्थानों से होते हुए सायं जोशीमठ पहुंचेगी। अगले दिन 25 अगस्त को यात्रा श्री बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होगी और ब्रrाकपाल में श्रद्धांजलि सभा के बाद अस्थियों को अलकनन्दा में विसर्जित किया जाएगा। चौथी यात्रा प्रात:नौ बजे प्रदेश कार्यालय से चलेगी जिसका नेतृत्व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल तथा जिलाध्यक्ष देहरादून शमशेर पुंडीर करेंगे। यह यात्रा नटराज चौक, चौदह बीघा व कैलास गेट बाजार होते हुए त्रिवेणी घाट पर पहुंचेगी जहां अस्थियां गंगा में विसर्जित की जाएंगी। इन यात्राओं में विभिन्न स्थानों पर पार्टी सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।