देहरादून। महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं कवि सम्मेलन के साथ-साथ अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के बाद महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सम्बन्धी प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी देहरादून के प्रतिनिधि को सौंपा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलायें आज हर क्षेत्र में पुरु षों से आगे निकल चुकी हैं। महिलाओं में नेतृत्व की क्षमता पुरूषों से अधिक होती है। अनादिकाल से महिलायें समाज की पथ प्रदर्शक रही हैं उन्होंने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। विश्व में भारतीय नारियों का एक महत्वपूर्ण स्थान है, भारतीय नारियों ने हमेशा हर क्षेत्र में चाहे विज्ञान और तकनीक का क्षेत्र हो चाहे राजनीति का, हर क्षेत्र में कुशल नेतृत्व किया है। उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन में मातृ शक्ति ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। प्रीतम ने कहा कि जहां एक ओर राजनैतिक क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर चुकी स्व. श्रीमती इन्दिरा गांधी, प्रतिभा सिंह पाटिल, सोनिया गांधी जैसी महिलाओं ने देश का गौरव बढाया वहीं पीटी ऊषा, मैरी कॉम, सायना नेहवाल, सानिया मिर्जा, जैसी खेल प्रतिभाओं ने विश्व में अपना परचम लहराया है तो भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स और कल्पना चावला ने अंतरिक्ष पटल पर अपनी खास पहचान बनाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नेता प्रतिपक्ष डा. इन्दिरा हृदयेश ने बधाई देते हुए कहा कि नारियों में अपरिमित शक्ति और क्षमतायें विद्यमान हैं। अपने अद्भुत साहस, अथक परिश्रम तथा दूरदर्शी बुद्धिमता के आधार पर विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रही हैं। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि भारतीय समाज में नारी सदैव पूजनीय रही है तथा आज भी नारी का स्थान सबसे ऊंचा है। कार्यक्रम में सुधा शुक्ला, चन्द्रावती करासी, रिक्शा चालक गुलिस्ता, बबीता, अनुराधा तिवारी, कवि राकेश जैन एवं डा. रामविनय सिंह को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, सूर्यकान्त धस्माना, राजेन्द्र शाह, मीना बछवाण, गरिमा दसौनी, नजमा खान, चन्द्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, सुमित्रा ध्यानी, बाला शर्मा, बिमला मन्हास, संयोगिता रानी, चन्द्रकान्ता गर्ग, मंजू डोभाल, बन्दना शर्मा, कविता माहुर, पुष्पलता ममगाई, बीना शर्मा, मोनिका, मुकुन्दी, सरोज शर्मा, गायत्री, सुशीला शर्मा, बिमला मन्हास, सरिता, मोनिका, शशिकला, सरोज देवराडी, शकुन्तला कुमोला, सोमवती, रूबि देवी, सुनिता भट्ट , आशा शर्मा, सुनीता प्रकाश, आशा टम्टा सहित सैकडों महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।