देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (डीम्ड) विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह 04 अक्टूबर (बुधवार) को सुबह 10 बजे एफआरआई, देहरादून के दीक्षांत सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अजय नारायण झा, सचिव, भारत सरकार, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय मुख्य अतिथि होंगे। सिद्धान्त दास, महानिदेशक (वन) एवं विशेष सचिव-भारत सरकार, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय विशेष अतिथि होंगे तथा डॉ एस.सी. गैरोलो, कुलपति, एफआरआई (डीम्ड) विश्वविद्यालय और महानिदेशक, भारतीय वन अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद, देहरादून समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
दीक्षांत समारोह के बारे मे बताते हुये कुलपति, एफआरआई (डीम्ड) विश्वविद्यालय एवं निदेशक, वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून डॉ सविता ने कहा कि इससे पूर्व 2007 में तीसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था और पिछले तीन दीक्षांत समारोहों की तरह यह चौथा दीक्षांत समारोह, विश्वविद्यालय के समस्त शैक्षणिक, प्रशासनिक तथा पूर्व एवं वर्तमान छात्र-छात्राओं को एक साथ आने एवं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ प्राप्त करने के यादगार क्षणों का साक्षी बनाने का अनुपम अवसर है। इस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि विभिन्न शैक्षिक और अनुसंधान विषयों मे उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान करेंगे। कुलपति ने बताया कि कुल मिलाकर वानिकी के विभिन्न विषयों में 489 पीएचडी डिग्री; वानिकी, काष्ठ विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण प्रबंधन तथा सेलूलोज़ और पेपर प्रौद्योगिकी विषयों में 1039 मास्टर्स डिग्री; नैचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट एवं नॉन-वुड फॉरेस्ट प्रोडक्ट्स विषयों मे 42 पोस्ट-मास्टर्स डिप्लोमा और अरोमा टेक्नोलॉजी, पल्प एंड पेपर टेक्नोलॉजी तथा एफजीटीआई और बायोटेक्नोलॉजी विषयों मे 52 पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं सहित गणमान्य व्यक्ति और अतिथि शामिल होंगे। मुख्य अतिथि सहित समारोह में उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथि समारोह को संबोधित करेंगे। समारोह के उपलक्ष्य में माननीय केंद्रीय मंत्री, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान, भारत सरकार, डॉ हर्षवर्धन द्वारा विशेष रूप से प्रेषित विडियो सन्देश प्रसारित किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1991 में स्थापित वन अनुसंधान संस्थान (डीम्ड) विश्वविद्यालय, वानिकी के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण हेतु निरंतर प्रयासरत है। कुछ दशकों की अल्पावधि में ह़ी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय वृद्धि हासिल करते हुये वैज्ञानिक व तकनीकी अध्ययन एवं अत्याधुनिक अनुसंधान के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित एवं अहम् स्थान बनाया है। विश्वविद्यालय वर्तमान में 4 एमएससी, 1 पीजी डिप्लोमा और 1 पोस्ट-मास्टर्स डिप्लोमा कोर्स संचालित कर रहा है। इसके अतिरिक्त डॉक्टरेट अनुसंधान (पीएचडी) के लिए कुल 18 राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान केंद्र के रूप में सम्बद्ध किया गया है, जिनमे देश के विभिन्न भागों के साथ ही साथ सार्क देशों के छात्र अध्ययन एवं अनुसंधानरत है। वानिकी के विभिन्न विषयों में विशेषज्ञता और असाधारण अनुसंधान उपलब्धियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिठित वन अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों, और व्यावहारिक अनुभव से परिपूर्ण वन अधिकारीयों द्वारा अध्यापन इस विश्वविद्यालय की एक महत्वपूर्ण विशेषता है, जो इसे अन्य विश्वविद्यालों के अलग करता है। इनके अतिरिक्त, आवश्यकतानुसार अन्य शैक्षणिक और अनुसंधान संस्थाओं के विशेषज्ञों को भी अतिथि व्याख्यान के लिए समय-समय पर आमंत्रित किया जाता है। वृक्षादित परिवेश में स्थित एफआरआई में सौ से अधिक वर्षों के गहन शोध की अनमोल विरासत के रूप में वैज्ञानिक तथ्यों व जानकारियों का वृहत भंडार, पौधों, लकड़ी, कीड़े, कवक के नमूनों और अन्य वन उत्पादों के दुर्लभ संग्रह्, समृद्ध वनस्पति उद्यान और अत्याधुनिक विश्लेषक संयंत्रों से सुज्जित प्रयोगशालाएं हैं, जो विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण अध्यापन एवं अनुसन्धान को सुनिश्चित करते है। वानिकी विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए विश्वविद्यालय ने कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों /संस्थानों के साथ सहयोगात्मक अनुबंधों के जरिए छात्रों एवं शोधार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय अनुभव प्रदान करने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं। विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं सम्बद्ध क्षेत्रों में सम्मानजनक पदों पर पदस्थापित है और राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नाम और प्रसिद्धि अर्जित की है।
वानिकी शिक्षा और शोध में अग्रणी भूमिका के साथ, विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय मानकों को बनाए रखने और विश्व के अन्य क्षेत्रों में छात्रों के माध्यम से विश्वविद्यालय की पहुंच का विस्तार करने के लिए वानिकी शिक्षा कार्यक्रमों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध निरंतर प्रयत्नशील है। यह दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के पूर्व व वर्तमान छात्रों को एक साथ आने का एक अभिनव अवसर है, जिसमे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे और विश्वविद्यालय परिसर उपाधि एवं अलंकरण प्राप्तकर्ताओं के हर्षोल्लास से तरंगित हो उठेगा। एफआरआई डीम्ड विश्वविद्यालय का यह दीक्षांत समारोह, विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित वृहद् कार्यक्रमों में से एक है।