उत्तरकाशी। अन्नकूट के मौके पर प्रसिद गंगोत्री धाम के कपाट बृहस्पतिवार को विधि विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिये गये। कपाट दोपहर 12.30 बजे बंद हुए। उसके बाद मां गंगा की भोग मूर्ति ने मुखबा गांव के लिए प्रस्थान किया। दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के कपाट शुक्रवार भैया दूज के मौके पर बंद किये जायेंगे।गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने बताया कि कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की भोग मूर्ति मुखबा के लिए रवाना हो गई है। मां गंगा की भोग मूर्ति बृहस्पतिवार शाम को भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। शुक्रवार को भैया दूज के मौके पर मां गंगा की भोग मूर्ति अपने शीतकाल प्रवास मुखबा में पहुंचकर मंदिर में स्थापित हो जाएगी। मुखबा में शीतकाल के दौरान हर रोज मां गंगा की पूजा अर्चना की जाएगी।