हरिद्वार। फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की अस्थियां वीआईपी घाट पर पूर्ण विधि विधान के साथ गुरुवार को गंगा में विसर्जित कर दी गई। मुम्बई से पहुंचे उनके पति बोनी कपूर व देवर अनिल कपूर एवं अन्य परिवारजनों ने हरिद्वार पहुंचकर वीआईपी घाट पर विधि विधान के साथ श्रीदेवी की अस्थियां गंगा में विसर्जित की। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद अमर सिंह, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे। कपूर परिवार के पुरोहित शिवकुमार पालीवाल ने सभी कर्मकाण्ड सम्पन्न कराये। कपूर परिवार ने अस्थि विसर्जन के पश्चात पुरोहित की वंशावली बही में नाम भी दर्ज कराए व हस्ताक्षर किए। अभिनेत्री श्रीदेवी का विगत दिनों दुबई में निधन हो गया था हालांकि इससे पूर्व उनकी अस्थियां रामेश्वरम में विसर्जित कर दी गई थी। लेकिन परिवारजनों ने उनकी हरिद्वार आने की इच्छा को पूरा करते हुए उनकी अस्थियों को हरिद्वार लाकर गंगा में विसर्जित किया। श्रीदेवी के पति बोनी कपूर अस्थि विसर्जन के दौरान काफी भावुक नजर आये।