संविधान संशोधन कर कांग्रेस ने ही महिलाओं को दिया प्रतिनिधित्व का हक : हृदयेश

पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान दिया: धस्माना
देहरादून। भारत के संविधान में 73वां व 74वां संशोधन कर सबसे पहले कांग्रेस ने ही महिलाओं को पंचायतों व स्थानीय निकायों में प्रतिनिधित्व का अधिकार, महिला आरक्षण की व्यवस्था कर दिया। यह बात आज उत्तराखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उत्तराखण्ड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ0 इन्दिरा हृदयेश ने कही। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं को आवश्यकता इस बात की है कि वे अपने अन्दर किसी भी प्रकार की हीन भावना को विकसित ही न होने दें व अपने महत्व को समाज व अपने महत्व को समाज व देश में साबित करें। उन्होंने कहा कि आज एक गृहणी से लेकर लड़ाकू विमान चलाने का काम महिला कर रही है।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की ओर से राज्य व देश की समस्त मातृशक्ति को महिला दिवस की शुभकामनायें प्रेषित की। श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में मातृशक्ति की हमेशा अहम भूमिका रही है। देश के स्वतन्त्रता संग्राम से लेकर आज तक महिला शक्ति हमेशा कांग्रेस में अग्रणी भूमिका निभाती रही। कांग्रेस ने ही देश को प्रथम महिला प्रधानमंत्री, प्रथम महिला राष्ट्रपति व प्रथम महिला लोकसभा अध्यक्ष देने का कीर्तिमान बनाया।
उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस प्रभारी श्रीमती परमिन्दर कौर ने कहा कि आने वाले समय में महिला कांग्रेस की देश में एक बार फिर महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की ओर बहुत आशा भरी नजरों से देख रहा है।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरिता आर्य ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य मातृशक्ति की देन है और राज्य के विकास की धुरी महिला ही है। उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी 16 मार्च को देहरादून में आयोजित होने वाली राहुल गांधी की रैली में ज्यादा से ज्याद महिला शक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने का आहवान किया।
सम्मेलन को महिला प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन, जिलाअध्यक्ष हरिद्वार कहकशां, विमला पाण्डे हरिद्वार, रंजना रावत कोटद्वार, जिला पंचायत सदस्य मंजू डोभाल, पार्षद उर्मिला थापा, पार्षद मीना बिष्ट, पार्षद सुमित्रा ध्यानी, पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद देविका रानी, पार्षद सविता सोनकर, पार्षद रीता रानी, मीना रावत, संतोष सैनी, जेबा खान, आशा, पायल बहल, चन्द्रकला नेगी, बाला शर्मा, राधा चौहान, विमला मिन्हास, सावित्री शर्मा, अनुराधा तिवारी, पुष्पा पंवार, कमला रावत, सीमा जोशी, रेनू नेगी, आशा बिष्ट, राजेन्द्र शाह, लालचन्द शर्मा, देवेन्द्र बुटोला ने भी सम्बोधित किया। संचालन महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *