देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस ने संसद और विधानसभा में 33 फीसद आरक्षण की मांग उठायी है। महिला कांग्रेस की कई नेत्रियों ने इस संबंध में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक सरिता आर्य के नेतृत्व में कांग्रेसियों का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलने गया। मुख्यमंत्री आवास में तब मुख्यमंत्री के मौजूद न रहने पर कांग्रेस नेत्रियों ने उक्त ज्ञापन मुख्यमंत्री के मुख्य निजी सचिव केके मदान को सौंपा। कांग्रेस नेत्रियों ने मांग की है कि देश की आधी आबादी को राजनीति के बड़े मंच पर भी अवसर मिलने चाहिए। इसलिए यह जरूरी है कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण दिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में कमलेश रमन, नजमा खान, पुष्पा पंवार, शांति व पुष्पा पाठक भी मौजूद थीं।