सात जिलों में एक साथ शुरू किया गया “स्वच्छ भारत, स्वच्छ गढ़वाल” अभियान

पर्यटक स्थल गुच्चुपानी में पर्यटन मंत्री ने की अभियान की शुरूआत
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। शहर के प्रमुख पर्यटक स्थल गुच्चुपानी में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद तथा एशियन डेवलपमेंट बैंक ने संयुक्त रूप से “स्वच्छ भारत, स्वच्छ गढ़वाल” अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पर्यटन मंत्री और स्थानीय विधायक, गणेश जोशी ने पवित्र रुद्राक्ष के 3 पौधे भी लगाए।
अभियान का प्रमुख उद्देश्य चार धाम यात्रा पर राज्य में आने वाले देश- विदेश के यात्रियों को पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश देना तथा श्रद्धालुओं को भी इस अभियान का हिस्सा बनाते हुए सतत एवं धारणीय पर्यटन की अवधारणा को साकार करना है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि “स्वच्छ भारत, स्वच्छ गढ़वाल” अभियान गढ़वाल के सभी सात जिलों देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार, पौड़ी में एक साथ शुरू किया गया है। उनके द्वारा समारोह में सभी नागरिको को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में कमिश्नर गढ़वाल, डा. बी. वी. आर. सी. पुरुषोत्तम के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में जिला स्तरीय अधिकारी, स्वयं सहायता समूह, छात्र छात्राएं, पुलिस, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय शामिल हो रहे हैं. यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को स्वच्छता का सन्देश देने के उद्देश्य से ये लोग अपने कार्यालय परिसर, शौचालयों, उद्यान व आसपास के इलाकों की साफ सफाई में श्रमदान देंगे जो भविष्य में भी जारी रहेगा।
अपर सचिव पर्यटन, सी रविशंकर ने बताया कि इस अभियान मे पर्यटकों और चारधाम श्रद्धालुओं को जोडा जायेगा। इस अभियान के आयोजन के अनुरूप राज्य मे बाहर से आने वाले पर्यटकों एवं चारधाम को यह सन्देश दिया जायेगा कि प्रत्येक वर्ष अपने जीवन के १०० घंटे पर्यावरण स्वच्छता के लिए दे। यह अभियान लोगो को पौधे लगाना, शौचालय बनाने और गढ़वाल में कचरा मुक्त पर्यावरण बनाने के लिए प्रेरित करेगा। सभी निकाय स्वच्छता कार्यक्रम के लिए अपने क्षेत्र का सबसे गन्दगी वाला स्थान चिन्हित कर उसे स्वच्छ बनायेगे और यह भी सुनिश्चित करेंगे की यह स्थान दुबारा कभी गन्दा ना हो।
उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफलतापूर्वक चलाने के लिए प्रत्येक जनपद मे सम्बंधित जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत मे एक स्वच्छता समिति का गठन किया गया है. जिसमे सम्बंधित निकाय की स्वच्छता के प्रति जागरूक लोग एवं एक नोडल अधिकारी हैं। इस अभियान के तहत गढ़वाल मंडल के सातो जनपदों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा भी होगी, जिसे जीतने वाले पहले तीन जनपदों को माननीय मुख्यमंत्री जी, उत्तराखंड सरकार राज्य स्थापना दिवस पर पुरुस्कृत कर सम्मानित करेंगे. अभियान के दूसरे चरण में उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भी “स्वच्छ भारत, स्वच्छ कुमाऊं” अभियान चलाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *