देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित सामूहिक वन्दे मातरम् गायन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने सभी के सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने भारत विकास परिषद को सामूहिक वन्दे मातरम् गायन के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज़ादी के समय यह वन्दे मातरम् सबसे अधिक लोकप्रिय गीत था। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों ने इस गीत को गाते हुए आज़ादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष के बाद हमें आज़ादी मिली। हमारे संविधान निर्माताओं ने देश को एक ऐसा संविधान दिया जो हमें हमारे अधिकारों, कर्तव्यों और देश के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस भावना से भारत का संविधान बनाया गया है, उसका अनुसरण करते हुए हमें समावेशी विचार के आधार पर देश और समाज को आगे बढ़ाना होगा। हम सब के लिए देश प्रथम होना चाहिए, उसके बाद बाकी सब है।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष श्री प्रेमचन्द अग्रवाल, विधायक श्री हरबंस कपूर, श्री गणेश जोशी, श्री खजान दास, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत विकास परिषद डॉ सुरेश चंद्र अग्रवाल एवम् मेयर देहरादून श्री सुनील उनियाल गामा भी उपस्थित थे।