सिर्फ उत्तर भारत में पूजे जाते हैं भगवान श्रीराम : मुलायम सिंह

लखनऊ। अपने पुत्र तथा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सुर में सुर मिलाते हुए पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि श्रीराम तो सिर्फ उत्तर भारत में पूजे जाते हैं जबकि भगवान श्री कृष्ण दक्षिण भारत में भी पूजे जाते हैं।
गाजियाबाद में मुलायम सिंह यादव युवक-युवती परिचय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पधारे थे। कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव ने कहा कि भारत में भले ही भगवान श्रीराम के अनुयायी बहुत हैं, लेकिन श्रीकृष्ण के अनुयायी भी उनसे कम नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश तथा समाज में सभी वर्ग का सम्मान होना चाहिए। यहां तो परिचय सम्मेलन हो रहा है, वह तो ठीक है लेकिन यादव के साथ ही अन्य को भी सम्मान मिले तो अच्छा है। महिला व बच्चों को भी सम्मान मिले।
गाजियाबाद में मुलायम सिंह यादव ने भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर जो बयान दिया उसके बाद प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के अयोध्या में श्रीराम की मूर्ति लगवाने के मुकाबले में अखिलेश यादव इटावा के सैफई में भगवान श्रीकृष्ण कर मूर्ति लगवा रहे हैं। मुलायम सिंह यादव भी इस मामले में उनके पक्ष में हैं। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य आशु मलिक भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *