भाजपा में युवा मोर्चा की अहम भूमिका : पंत
देहरादून। प्रदेश सरकार छह हजार बेरोजगारों को जल्द सरकारी नौकरी देगी। साथ ही स्किल इंडिया के तहत एक लाख बेरोजगारों को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह बात संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने भाजयुमो महानगर की जिला कार्यकारिणी की बैठक में कही।
संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि भाजपा में युवा मोर्चा की अहम भूमिका है। ऐसे में युवा प्रदेश व केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने जीरो टोलरेंस को लेकर भी युवाओं को आगे आने को कहा। ताकि भ्रष्टाचार को जड़मुक्त से समाप्त किया जा सके। रोजगार के मामलें पर संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विभागों में करीब एक लाख पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें से 35 सौ पदों पर भर्ती हो गई है। छह हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। अन्य पदों को भी भरा जाएगा। साथ ही स्किल इंडिया के तहत एक लाख बेरोजगारों को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, राजपुर रोड विधायक खजान दास ने भी अपने विचार व्यक्त किये। बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल ने पार्टी के भावी कार्यक्रमों की जानकारी दी। ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा, राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी नेहा जोशी, प्रदेश महामंत्री नवीन ठाकुर, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल,युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष श्याम पंत व महामंत्री राजेश रावत, सचिन गुप्ता, कृष्णा राठौड़, मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता, शुभम नेगी, संतोष कोठियाल, अमित राणा आदि मौजूद रहे।