देहरादून। भारतीय जनता पार्टी नगर निकायों के अपने प्रत्याशियों पर 18 अक्टूबर को फैसला ले लेगी। उसी दिन रात को या 19 अक्टूबर तक प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा ने अपनी 20 सदस्यीय चुनाव समिति गठित कर ली है और 18 अक्टूबर की शाम को समिति की बैठक होगी, जिसमें प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अध्यक्ष अजय भट्ट ने निकाय चुनावों पर अदालत के आदेश का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार का भी इस बात के लिए आभार प्रकट किया कि उसने अदालत के आदेश के तुरंत बाद ही नगर निकायों की सीटों के आरक्षण की स्थिति साफ कर दी। उन्होंने अदालत के आदेश के बाद राज्य चुनाव आयोग द्वारा तत्परता से चुनाव कार्यक्रम घोषित करने पर आयोग का आभार जताया। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात उन्होंने पार्टी के चार महामंत्रियों के साथ बैठक कर चुनाव समिति के नाम तय किए। पार्टी की चुनाव समिति में अध्यक्ष के रूप में वह खुद, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सभी पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और महामंत्री व अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पार्षदों व सभासदों के नाम स्थानीय स्तर पर बनी चुनाव समितियां तय करेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पैनल पहले ही बना चुकी है और आज की परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल नाम उन्हीं में से तय होने हैं।
ये हैं भाजपा की चुनाव समिति : अजय भट्ट (अध्यक्ष), मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, महामंत्री संगठन संजय कुमार, महामंत्री नरेश बंसल, खजान दास, गजराज सिंह बिष्ट, ज्योति गैरोला, नीलम सहगल, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, प्रकाश पंत, डॉ. धन सिंह, अजय टम्टा, भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, राज्यलक्ष्मी शाह, अनिल बलूनी।
सात नगर निगमों का दायित्व भी वितरित : श्री भट्ट ने बताया कि पार्टी ने सात नगर निगमों के दायित्वों का भी बंटवारा कर दिया है। हल्द्वानी के लिए यशपाल आर्य व उपाध्यक्ष राजू भंडारी, ऊधमसिंह नगर के दो नगर निगमों में रुद्रपुर के लिए प्रकाश पंत व कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, काशीपुर के लिए रेखा आर्य व गजराज सिंह बिष्ट, देहरादून के लिए डॉ. धन सिंह रावत व नरेश बंसल, ऋषिकेश के लिए सुबोध उनियाल व विनय रोहिला, कोटद्वार के लिए डॉ. हरक सिंह रावत व कैलाश शर्मा, हरिद्वार के लिए मदन कौशिक व ज्योति गैरोला को दायित्व दिया गया है। रुड़की का मामला चूंकि कानूनी रूप से अटका है, इसलिए उसके लिए नाम तय नहीं किए गए हैं। बाजपुर व श्रीनगर नगरपालिकाओं का परिसीमन जारी होने से इस पर भी अभी फैसला नहीं किया गया है।
महाराज और अरविंद पांडेय का चुनाव प्रचार में होगा इस्तेमाल : जब अजय भट्ट से पूछा गया कि ऋषिकेश की जिम्मेदारी पहले अरविंद पांडेय को दी गई थी लेकिन अब सुबोध उनियाल को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का निर्णय है कि किसे क्या जिम्मेदारी दी जाए। ऋषिकेश श्री उनियाल के विस क्षेत्र से सटा है, लिहाजा उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि काबीना मंत्री सतपाल महाराज व अरविंद पांडेय का इस्तेमाल चुनाव प्रचार में करेगी। उन्हें पूरे प्रदेश में घुमाया जाएगा।