देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आगामी 18 अगस्त को दून आने की संभावना है। उनके दून दौरे को दृष्टिगत रखते हुए खुफिया एजेंसिया भी अलर्ट हो गयी है।
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का 18 अगस्त को दून पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी निजी दौरे पर देहरादून आ रहे हैं। वह 18 अगस्त की सुबह फ्लाइट से देहरादून पहुंचेंगे। इसके बाद वह दून स्कूल जाएंगे। दून स्कूल में उनकी बहन प्रियंका गांधी का बेटा भी पढ़ता है। राहुल गांधी के दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हैं। एसपीजी सहित अन्य एजेंसियों में में हलचल शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि उसी दिन उनके वापस जाने का कार्यक्रम है।
उधर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के 18 अगस्त को दून आगमन पर कांग्रेसजनों द्वारा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दून आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा उनका जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेसजनों से उक्त तिथि को अपरान्ह 12.30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने का आह्वान किया है।