देहरादून। संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की मांग को लेकर महानगर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। वहीं महिला कांग्रेस ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर इस पर कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने 33 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की आधी आबादी को राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। इसके लिए सरकार को कानून बनाकर महिलाओं की राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में स्थानीय निकाय और पंचायतों में महिला कांग्रेस को 33 फीसदी आरक्षण देकर मजबूत बुनियाद तैयार की है। उच्च संवैधानिक संस्थाओं में अभी तक महिलाओं को उनके वाजिब हक का प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। उन्होंने कहा 2014 के आम चुनावों में भाजपा के घोषणा पत्र में भी लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने का स्पष्ट उल्लेख था। तीन साल गुजरने के बाद भी लोकसभा में महिलाओं के आरक्षण का बिल पेश तक केन्द्र की भाजपा सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र सरकार इस बिल को लोकसभा में पेश करती है, तो कांग्रेस इस बिल को समर्थन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदर्शन करने वालों में महानगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस कमलेश रमन, नजमा खान, बाला शर्मा, विमला मंहास, अनुराधा, सुशीला देवी, पुष्पा पंवार, धनीमाला, रजनी रावत, आशा थापा, कविता, प्रणिता बडोनी, शांति रावत, जयावती, मधु देवी, सुशीला शर्मा, बबली देवी, रामप्यारी, सीमा जोशी, गीता सचदेवा, कांता क्षेत्री, आशा पयाल, संगीता रावत, गायत्री व सोनी शामिल रही।