देहरादून। रंग-बिरंगे फूलो से गुलजार उत्तराखंड राजभवन एक बार फिर आपके स्वागत के लिए तैयार है, मौका होगा पुष्प प्रदर्शनी का। आगामी 9 व 10 मार्च को आयोजित हो रही पुष्प प्रदर्शनी “बसंतोत्सव-2019” में आपको रंग-बिरंगे फूलो से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
पुष्प प्रदर्शनी को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने बताया कि राजभवन में 09 व 10 मार्च को आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी “बसंतोत्सव-2019” में पुष्प उत्पादकों के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। Uttarakhand के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। बच्चों को चित्रकला में उनकी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। यहाँ की लोक संस्कृतिए गीत संगीत का प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि यह बसंतोत्सव वास्तव में उत्तराखण्ड की प्रकृति और संस्कृति का उत्सव है। इस दौरान उन्होने आम जनमानस से आग्रह किया कि वह सपरिवार आएं और इस उत्सव के भागीदार बनें।
राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि ‘‘फूल, खुशहाली व समृद्धि का प्रतीक होते हैं। बसंतोत्सव के माध्यम से हमारी कोशिश भी ये ही है कि कैसे उत्तराखण्ड के काश्तकारों विशेष तौर पर पर्वतीय क्षेत्रों के काश्तकारों के जीवन में समृद्धि व खुशहाली लाई जा सकती है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘राजभवन में बसंत उत्सव की परम्परा 2003 से प्रारम्भ की गई। पुष्प प्रदर्शनी के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन दिनों-दिन लोकप्रिय होकर अब एक बडे़ सांस्कृतिक व आर्थिक महोत्सव का रूप ले चुका है। बसंतोत्सव केवल फूलों की प्रदर्शनी मात्र ही नहीं है बल्कि उत्तराखण्ड में ‘‘फ्लोरीकल्चर’’ की सम्भावनाओं का एक दर्पण है।’’