देश की रक्षा के लिए अपनी शहादत देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कारगिल विजय दिवस के अवसर भारतीय सेना के अदम्य साहस व शौर्य को नमन करते हुए देश की रक्षा के लिए अपनी शहादत देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा कि आजादी से पूर्व व आजादी के बाद उत्तराखण्ड के जाबांज सैनिकों ने अपनी वीरता का परिचय दिया है तथा देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है। कारगिल युद्ध में बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड के वीर सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कारलि युद्ध विषम परिस्थितियों में लड़ा गया। शत्रु सुरक्षित स्थानों पर थे और हमारे जवान उनके निशाने पर थे, उसके बाबजूद भी कारगिल युद्ध में भारत को ऐतिहासिक विजय मिली। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी ने उस समय इस युद्ध में वायुसेना को भी सहयोगी बनाया था। विपरीत परिस्थितियों में लड़े जाने के कारण ही कारगिल युद्ध का विश्व के इतिहास में एक अलग महत्व भी है।