12 मार्च, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए बुलंद इरादों के साथ आगे काम करने की बात कहीं है। इसके अलावा उन्होंने पार्टी के जीते सभी विधायकों को सार्थक विपक्ष की भूमिका निभाने को कहा है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जनता के मुद्दों को कांग्रेस ने पूरे 5 साल तक उठाया, इसके बावजूद उम्मीद के अनुरूप कांग्रेस के पक्ष में रिजल्ट नहीं आने से उनको काफी दुख हुआ। उनका मानना था कि हम आम जनता को कांग्रेस की नीतियां और रणनीति को सही तरह से नहीं समझा पाए, जिस कारण चुनावी परिणाम इस तरह के देखने को मिले। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस को मिली हार पर जवाबदेही को वह स्वीकार करते है और इसको वह अपनी नाकामी के रूप में देखते है।
कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जनता के पास एक विकल्प था, सुनहरा मौका था, जिसको उनके द्वारा गंवा दिया गया। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश के युवाओं, बेरोजगारों, महिलाओं व आम जनता को लेकर कई सपने देखें। हमने सपना देखा था कि गैस के सिलेंडर 500 से अधिक नहीं बढ़ने देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी को इस जीत पर बधाई दी और कांग्रेस के सभी जीते विधायकों को सार्थक विपक्ष की भूमिका निभाने को कहा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि जनता ने हमारा साथ दिया, हमारे साथ जुड़े रहे और हमारे उम्मीदों को बनाए रखा। उन्होंने कहा कि हम अपनी कमियों को दुरुस्त करेंगे। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि हमारे इरादे बुलंद हैं और हम बुलंद इरादों के साथ आगे काम करेंगे। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।