नई दिल्ली/देहरादून। केन्द्र और राज्यों में विभिन्न पदों पर रहे कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता नारायण दत्त तिवारी का लम्बी बीमारी के बाद बृहस्पतिवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। आज ही उनका जन्मदिन भी था। वह 93 वर्ष के थे। उन्होंने बताया कि मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती तिवारी को दिल का दौरा पड़ा और अपराह्न दो बजकर 50 मिनट पर उनका निधन हो गया। उन्हें मस्तिष्काघात के बाद पिछले वर्ष सितम्बर में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की एक टीम आईसीयू में 24 घंटे उनकी स्थिति पर नजर रख रही थी। तिवारी को दो राज्यों उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनने का अद्वितीय गौरव हासिल था। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने नारायण दत्त तिवारी के निधन पर शोक जताया है। रावत ने कहा कि तिवारी का निधन एक ‘‘निजी क्षति’ है।