देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत एवं उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष मदन कौशिक के स्वागत में भारतीय जनता पार्टी महानगर के कार्यकर्ता आगामी 15 मार्च सोमवार को प्रातः 11 बजे से स्कूटर- बाइक रैली निकालेंगे।
महानगर कार्यालय पर श्रीमती बृजलेश गुप्ता की अध्यक्षता में महानगर पदाधिकारियों महानगर मोर्चा पदाधिकारियों मंडल अध्यक्षों की बैठक में बोलते हुए महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने कहा कि रैली महानगर कार्यालय से क्वालिटी चौक, गांधी पार्क, दर्शन लाल चौक, प्रिंस चौक, आराघर चौक एवं फवारा चौक होते हुए प्रदेश कार्यालय तक जाएगी जिसमें मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मेयर सुनील उनियाल गामा, महानगर के सभी विधायक दायित्व धारी महानगर महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा, जनजाति मोर्चा सदस्य एवं महानगर के कार्यकर्ता सम्मिलित रहेंगे।
महानगर मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल ने बताया कि रैली का महानगर के विभिन्न स्थानों पर गणमान्य नागरिकों द्वारा स्वागत किया जाएगा और रैली के पश्चात मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष का प्रदेश कार्यालय पर कार्यकर्ताओं द्वारा अभिनंदन किया जाएगा |