देहरादून । प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आगामी जुलाई माह से प्रदेश के मंत्री बैठेंगे और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेंगे और उसका समाधान करेंगे। मंत्रियों को बीते मई माह से ही बैठना था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। सूत्रों के मुताबिक भाजपा मुख्यालय में मंत्रियों के न बैठ पाने से भाजपा हाईकमान ने काफी नाराजगी जताई थी। बीते दिनों भाजपा हाईकमान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मंत्री जुलाई माह से हर हाल में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठना शुरू कर दें। इधर मिली जानकारी के मुताबिक आगामी सप्ताह मंत्री प्रदेश भाजपा मुख्यालय को अपने बैठने की तिथि भेज देंगे। मुख्यमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में बैठना शुरू कर दिया है। कई बार मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनीं भी है और उनका निदान भी किया है। लेकिन मंत्रियों के न बैठने से भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी थी और कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत भाजपा हाईकमान से भी की थी। उसके बाद भाजपा हाईकमान ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह निर्णय लिया गया था कि हर मंत्री भाजपा मुख्यालय में बैठेगा और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेगा लेकिन मुख्यमंत्री ने तो कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनना शुरू कर दिया लेकिन मंत्रियों ने अब तक यह क्रम शुरू नहीं किया है। अब माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान के आदेश के बाद प्रदेश के मंत्री भाजपा मुख्यालय में आएंगे और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेंगे।