उत्तराखंड : भूकंप के झटकों से सहमे लोग

देहरादून। उत्तराखंड सहित समूचे उत्तर भारत में अचानक आये भूकंप के झटकों से लोग सहम गये। लोग बुधवार रात को रात 8 बजकर 51 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस होते ही घरों से बाहर निकल आये। भूकंप की तीब्रता 5 रिक्टर मापी गयी।
भूगर्भ वैज्ञानिकों के अनुसार भूकंप का केंद्र देहरादून से 122 किमी, पूर्व, जोशीमठ से 33 किमी. उत्तर-पश्चिम तथा मेरठ से 244 किमी. उत्तर-पूर्व में था। भूकंप का केंद्र सतह से करीब दस किमी. नीचे आंका गया है। करीब 10 सेकेंड तक महसूस किये गये झटकों से लोग घरों से बाहर निकल गये। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद की कालीमठ घाटी के स्यांसू में बताया गया है। भूकंप के झटके देहरादून, हरिद्वार सहित समूचे पहाड़ के सभी स्थानों पर झटके महसूस किये गये। चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, कर्णप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, रामनगर, नैनीताल सहित समूचे पर्वतीय क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किये गये। उत्तराखंड आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र के अनुसार पूरे प्रदेश से भूकंप के प्रभावों की जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक कहीं से कोई अप्रिय समाचार नहीं है। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने जिलों से भूकंप के प्रभाव की अद्यतन जानकारी शासन को उपलब्ध करायें। खबर लिखे जाने तक कहीं से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *