देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की उपस्थिति में सोमवार को विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी ने राज्यसभा हेतु नामांकन किया। इस दौरान भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
राज्यसभा के कांग्रेस सदस्य महेंद्र माहरा का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है। इस सीट पर 23 मार्च को मतदान होगा। रविवार को भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने राज्यसभा के लिए भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के नाम पर मुहर लगा दी है। बलूनी रविवार शाम देहरादून भी पहुंच गए थे। सोमवार को वे विधानसभा भवन में नामांकन पत्र भरने पहुंचे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की उपस्थिति में सोमवार को विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी ने राज्यसभा हेतु नामांकन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक, अरविन्द पाण्डेय, सांसद अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट सहित विधायकगण एवं भाजपा नेता उपस्थित थे। उधर नामांकन के मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि बलूनी के राज्यसभा में पहुंचने से उत्तराखंड की आवाज और बुलंद होगी। उनके पास अच्छा-खासा राजनीतिक अनुभव है और पहले भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा चुके हैं। उनके राज्यसभा पहुंचने से निश्चित तौर पर उत्तराखंड को फायदा मिलेगा।