कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक पर बयानबाजी के लिए मांगे माफी : भाजपा

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के उत्तराखंड सहित राष्ट्रीय नेताओं से मांग की है कि यदि उनमें ज़रा भी नैतिकता है तो सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो आने के बाद देश की जनता व सेना से माफी मांगें। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक देश की सेना का एक महत्वपूर्ण एक्शन था। इसमें भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान व आतंकवाद पर करारा प्रहार किया गया, साथ ही भारतीय सेना की प्रहार क्षमता पुन: सिद्ध हुई। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृढ़तापूर्ण निर्णय था। इस एक्शन से पूरी दुनिया में भारत का गौरव भी बढ़ा। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस के उत्तराखंड सहित राष्ट्रीय नेताओं ने देश हित को पीछे रखते हुए सर्जिकल स्ट्राइक पर ही सवाल खड़े कर दिए और सबूत तक मांगने लगे। उन्होंने सेना की प्रशंसा करने के स्थान पर सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने प्रानमंत्री जी पर भी कटाक्ष किए। कांग्रेस नेताओं की भाषा पाकिस्तान की भाषा जैसी थी। इससे लग रहा था कि वे पाकिस्तान को ख़ुश कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की मानसिक हालत यह रही है कि उन्होंने सेनाध्यक्ष तक के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान देश की जनता को चुभने वाले थे। उत्तराखंड जो सैन्य प्रदेश है की जनता इन बयानों से बहुत क्षुब्ध है। उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस नेता किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। उनके लिए देश से पहले सत्ता है और सत्ता के लिए वे कोई भी अनैतिक कार्य कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *