हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि अनुशासन तोड़ने का दोषी पाए जाने पर विधायक कुंवर चैम्पियन के खिलाफ कड़ी की जाएगी। उन्होंने कहा कि चैम्पियन की आदत कांग्रेस के दौर से खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आजीवन सहयोग निधि में किसी भी स्कूल या कालेज से जबरदस्ती चंदा नहीं लिया गया है।
भाजपा संभाग कार्यालय में पत्रकारों के सवालों के जवाब में भट्ट ने कहा कि अगर विधायक चैम्पियन की सारी बातें अनुशासनहीनता के दायरे में आयी तो कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुशासन तोड़ने के लिए विधायक को नोटिस भेजने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि चैम्पियन की आदत कांग्रेस के दौर से खराब है। भाजपा में आने के बाद तो सुधार आ गया है। उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा कि सीएम को नहीं बदला जा रहा है। बदलने की मांग ही नहीं है। दिल्ली से लेकर कुछ जगहों पर झूठा प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजीवन विकास निधि में कोई चेक बाउंस नहीं हुआ है। अभी तक चेक बैंक में गए ही नहीं हैं। बड़े चेक 10-15 ही हैं। बाकी चेक तो छोटे हैं। उन्होंने ट्रांसपोटर प्रकाश पांडे के परिजनों के धरने पर बैठने को गलत कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि जो उनको धरने पर बैठा रहे हैं वे उनकी मदद करें। चूंकि वे अब धरने में बैठ गए हैं, अब पार्टी इसमें कोई मदद नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि जो बात कार्यकर्ताओं ने कही या भरोसा दिया था, वह बात तो अब रही ही नहीं है। इससे पहले श्री भट्ट ने भाजपा पदाधिकारियों की एक बैठक को भी संबोधित किया।