भ्रष्टाचारमुक्त खरीद के लिए किया गया करार

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत की उपस्थिति में सचिवालय में गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस के माध्यम से सरकारी विभागों में पारदर्शी, त्वरित एवं भ्रष्टाचारमुक्त खरीद व्यवस्था लागू करने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय एवं उत्तराखंड सरकार के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया।
राज्य सरकार की ओर से एमओयू पर प्रमुख सचिव राधा रतूड़ी एवं गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस की ओर से सीईओ एस सुरेश कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर सीएम ने कहा कि गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभागों में की जाने वाली खरीद में पारदर्शिता आ सकेगी। राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिए जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई है। इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन की ओर एक और कदम बढ़ाया है। गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस की शुरूआत केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के अन्तर्गत सरकारी मंत्रालयों, विभागों, पीएसयू, स्वायत्त निकायों आदि में सामान व सेवाओं की खरीद में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा व निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *