गैरसैंण। गैरसैंण कस्बे से 14 किमी दूर निर्माणाधीन चंद्रसिंह गढवाली विधान भवन के असेंबली हॉल में विधान सभा सत्र की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए भराडीसैंण व गैरसैंण के आस पास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
गुरुवार से शुरू होने जा रहे विस सत्र के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री, स्पीकर समेत तमाम विधायक भराडीसैंण पहुंच गए हैं वहीं तमाम अफसर भी यहां आ गए हैं। माननीयों की आवाभगत में कमी न रहे इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बताते चलें कि इससे पूर्व वर्ष 2014 में गैरसैंण के जीआईसी मैदान में टैंट लगा कर 9 से 11 जून को तथा 2015 में निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक भवन में दो दिवसीय सत्र नवंबर 2 व 3 को आहूत किया गया था। फिर 17-18 नवंवर 2016 को तीसरा सत्र यही आयोजित हुआ था किंतु तब तीनों बार ही बार हंगामे के चलते सत्र में चंद घंटे में ही सिमट गया था। पुलिस ने इस बार पुख्ता व्यवस्था कर परिसर को किले का रूप दे दिया गया है। फिलहाल विधानसभा मंडप सज गया है।
सत्र के बेहतर संचालन को दो जोन व छह सेक्टर: भराड़ीसैंण में शुरू होने वाले सत्र को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक पुष्पक ज्योति, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट तथा जिलाधिकारी आशीष जोशी ने जीआईसी गैरसैंण में व्रिफिंग के जरिए पुलिस कर्मियों को जरूरी टिप्स दिए। इस मौके पर बताया गया कि इस सत्र को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए इस क्षेत्र को दो जोन और 6 सेक्टरों में विभक्त पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विधान सभा डय़ूटी के लिए 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 7 उपाधीक्षक, 17 निरीक्षक व थानाध्यक्ष, 60 उप निरीक्षक, 8 महिला उप निरीक्षक, 45 हेड कांस्टेबल, 283 कांस्टेबल, 38 महिला कांस्टेबल, 3 कंपनी पुरूष पीएसी, 2 प्लाटून महिला पीएसी, 2 टीम क्यूआरटी, 2 टीम आतंकवादी निरोधक दस्ता, एसडीआरएफ, 80 होमगार्ड तथा जनपद चमोली की निर्भीक पुलिस यूनिट एवं पर्याप्त मात्रा में यातायात पुलिस को तैनात किया गया है। इसके अलावा सादे वस्त्रों में एलआईयू के 85 अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ ही फायर यूनिट के उपकरणों समेत 35 फायर मैन भी तैनात किए गए हैं। बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था को किसी भी हाल में प्रभावित होने नहीं दिया जाएगा।