सीएम कार्यालय को नही, सीएम की घोषणाओं पर काम होने या न होने की जानकारी

अब तक सीएम त्रिवेंद्र कर चुके हैं 1125 घोषणाएं
हल्द्वानी। पांच दिन बाद सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार को एक साल का समय हो जाएगा। इस एक साल में सीएम ने 1125 घोषणाएं कर दी हैं। इन घोषणाओं में अभी तक 50 फीसद काम होने की बात कही जा रही है, जबकि सीएम रावत प्रत्येक बैठक या सम्मेलन में शासनादेश के बाद घोषणा करने की बात करते रहे हैं। सीएम कार्यालय को भी अभी तक यह ज्ञात ही नहीं है कि शपथ लेने के बाद सीएम की अब तक की गई घोषणाओं में कितना काम हो गया है।
उल्लेखनीय है कि 18 मार्च 2017 को रावत ने सीएम पद की शपथ ग्रहण की थी। तब से लेकर आज तक सीएम 1125 घोषणाएं कर चुके हैं। इस बात का खुलासा सूचनाधिकार कार्यकर्ता हेमंत सिंह गौनिया को मिली सूचना से हुआ है। हाल ही में गौनिया से सीएम कार्यालय को तीन बिंदुओं पर सूचना मांगी थीं। इसमें पहले विंदु पर शपथ लेने के बाद अब तक की गई घोषणा की संख्या मांगी गई थीं। इसके जवाब में सीएम कार्यालय ने 1125 का आंकड़ा दिया है जबकि दूसरे सवाल में कितनी घोषणाओं पर काम शुरू होने एवं तीसरे सवाल में अब तक अधूरी घोषणाओं का व्योरा मांगा था। इसके जवाब में संयुक्त सचिव प्रथम अपीलीय अधिकारी कृष्ण कुमार ने इसका आंकड़ा सीएम कार्यालय में रखने से इनकार किया है। एक तरह से यह साफ किया है कि सीएम कार्यालय केवल घोषणाओं का व्योरा रखता है। इसमें काम का नहीं। संयुक्त सचिव ने इसके लिए सूचना मांगने वाले को 50 विभागों की सूची दी है। यानि कहा गया है कि सीएम की कुल घोषणाएं सरकारी विभागों से जुड़ी हैं। इसलिए काम होने या न होने की जानकारी इन विभागों से ली जा सकती है। इससे साफ जाहिर है कि सीएम कार्यालय अपने ही सीएम की घोषणाओं को अपडेट नहीं करना चाहता है। संयुक्त सचिव की यह टिप्पणी राज्य सरकार के कामों को स्पष्ट कर रही है। यह आम जनता के लिए चिंता का विषय हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *