22 जनवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस आज प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। पहली सूची में करीब 55 प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते हैं। शुक्रवार देर रात नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक हुई, जिसमें प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनाने के साथ उनको अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका की मौजूदगी में सीईसी की बैठक हुई। इसमें स्क्रीनिंग कमेटी अध्यक्ष अविनाश पांडेय के साथ अन्य सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में 55 प्रत्याशियों की पहली सूची पर सहमति बनी, लेकिन देर रात होने से इसे घोषित नहीं किया गया। बताया जाता है कि कांग्रेस पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची को आज जारी कर देगी।