देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। पुलिस ने एक मुठभेड़ में अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशोें के पैर में गोली लगी, जिन्हें बाद में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात मान ली है।
विदित हो कि गत दिवस तिब्बती मार्केट के पास दिन दहाड़े स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार भी हो गए थे। घटना के तुरंत बाद से ही दून पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
हत्याकांड मामलें में आज तड़के पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि चेकिंग के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र में लाडपुर के जंगल में एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जबावी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर पर लगी। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार हेतु तत्काल चिकित्सालय में भर्ती कराया।
उधर, लालतप्पर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश द्वारा पुलिस के रोकने पर रुकने के बजाय वापस पीछे भागकर पुलिस पार्टी पर फायर किया गया, जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर पर गोली लगी, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इधर एसएसपी देहरादून ने चिकित्सालय पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल बदमाशों से पूछताछ चल रही है।