22 जनवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून/नैनीताल। कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा से पहले देहरादून जिले की राजपुर विधानसभा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हाईकोर्ट ने उनके जाति प्रमाण पत्र को चुनौती देती याचिका पर सुनवाई करते हुए राजकुमार के साथ ही सरकार को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। मामलें की अगली सुनवाई 18 फरवरी को होगी।
जानकारी के मुताबिक देहरादून निवासी बालेश बवानिया द्वारा दायर की गई याचिका में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार ने 2011 में फ़र्ज़ी दस्तावेज़ों के आधार पर अपना जाति प्रमाण पत्र प्राप्त किया, जो शिकायतकर्ता की जांच के बाद 2012 में निरस्त कर दिया गया। फिर कुछ दिन बाद ही राजकुमार ने फिर से नया जाति प्रमाण पत्र हासिल कर लिया। याचिका कर्ता बालेश बवानिया का कहना है कि पूर्व विधायक के खिलाफ धोखाधड़ी को लेकर कार्रवाई की जानी चाहिए थी। उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग कर की तो डीएम ने एसडीएम को जांच सौंपी है। इधर याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने बताया कि न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनएस धानिक की एकलपीठ ने मामले में सुनवाई करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार व सरकार से जवाब मांगा है।