गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनमोहन सिंह चौहान ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से बुधवार को लोक भवन में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनमोहन सिंह चौहान ने शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर कुलपति ने राज्यपाल को 23 से 26 फरवरी, 2026 तक गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड राज्य अन्तर-विश्वविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल द्वारा पूर्व में आयोजित कुलपतियों की बैठक में राजकीय विश्वविद्यालयों में नियमित रूप से खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 राजकीय विश्वविद्यालयों के लगभग 1700 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स के साथ-साथ वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी एवं खो-खो सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा।

कुलपति ने यह भी जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में मार्च माह में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की संभावना है। उनके संभावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए दीक्षांत समारोह की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।

राज्यपाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए बेहतर खेल अवसंरचना एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ ही विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *