हरदा ने कहा, रामनगर से चुनाव न लड़ पाना उनके लिए एक भावनात्मक चोट

27 जनवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। पूर्व CM व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने रामनगर से चुनाव न लड़ पाने पर माँ गर्जिया के साथ ही रामनगर वासियों से भी क्षमा मांगी है। उन्होंने कहा कि रामनगर से चुनाव न लड़ पाना उनके लिए एक भावनात्मक चोट है। अपने फेसबुक पोस्ट में पूर्व CM रावत ने कहा है कि ‘क्षमा रामनगर, क्षमा। मैं अपनी जिंदगी की एक बड़ी अभिलाषा को पूरा नहीं कर पाया। कहीं माँ गर्जिया की प्रार्थना में मुझसे कुछ त्रुटि रह गई। मैं क्षमा चाहता हूँ, माँ गर्जिया देवी से भी और आप सब रामनगर वासियों से भी। रामनगर से चुनाव न लड़ना मेरे लिए एक भावनात्मक चोट है। मैं चुनाव भले ही न लड़ पा रहा हूँ रामनगर से मगर रामनगर हमेशा मेरे हृदय में रहेगा और मैं जिस अभिलाषा के साथ रामनगर और उससे चारों तरफ से जुड़े हुए क्षेत्रों का आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए चुनाव लड़ना चाहता था, उस इच्छा को मैं हमेशा आगे बढ़ाऊंगा। चुनाव लडूं न लडूं #HarishRawat रामनगर का था, रामनगर का है और आगे भी रामनगर का रहेगा।

उन्होंने कहा कि मैं अपने कांग्रेस के साथियों का जिन्होंने मेरे साथ बड़ी-बड़ी कल्पना जोड़ ली थी, सर्वथा विपरीत परिस्थितियों में ये कमर कसकर मुझे विजयश्री दिलवाने के लिए रात-दिन काम करना प्रारंभ कर दिया था, मैं उन सबसे भी क्षमा प्रार्थी हूँ। मैं आपका अपराधी हूँ, पार्टी का आदेश मानना मेरा कर्तव्य है। मैं अब उस कर्तव्य को पूरा करने के लिए आप सब साथियों का स्नेह और रामनगर की जनता-जनार्दन और माँ गर्जिया का आशीर्वाद लेकर लालकुआं की धरती को प्रणाम करने जा रहा हूँ।

*पूर्व CM ने लालकुंआ की जनता से मांगा आशीर्वाद*

पूर्व CM हरीश रावत ने कहा कि लालकुआं उत्तराखंड की परंपराओं और आधुनिक स्वरूप लेकर तेजी से आगे बढ़ता हुआ लालकुआं। मैं आपको प्रणाम करता हूंँ, नमन करता हूंँ। कांग्रेस पार्टी ने मुझे आपका आशीर्वाद लेने के लिए अधिकृत किया है, मैं आपकी शरण में आ रहा हूंँ। लालकुआं के बहनों और भाइयों मुझे अपनी शरण दीजिये। मैं उसी सेवाभाव को आगे बढ़ाऊंगा। जिसको संजोए हुये हमारे कांग्रेस के साथी आपके सेवक बनने के लिए प्रयासरत थे। मैं सबको जोड़कर, सबकी आकांक्षाओं को एक-दूसरे के साथ समन्वित कर आपके क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का दायित्व अपने ऊपर लेना चाहता हूंँ। इस दायित्व ग्रहण के संकल्प को अपना आशीर्वाद देकर मुझे कृतार्थ करें।
#लालकुआं_जिंदाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *