23 जनवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो गौरव वल्लभ और गुरदीप सप्पल के साथ ही उत्तराखंड के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कांग्रेस मुख्यालय में संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान ‘महंगाई’ के मुद्दे पर डबल इंजन सरकार पर न केवल जमकर हमला बोला, अपितु भाजपा से सवाल पूछ उनका जवाब देने की बात भी कही।
अमीरों का ‘विकास’ गरीबों के साथ ‘विश्वासघात’ डबल इंजन की धुआं छोड़ो सरकार पर किसी को नहीं रहा है ‘विश्वास’ से अपनी बात शुरू करते हुए प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा कि BJP की डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों ने समाज के हर वर्ग का जीना दूभर कर दिया है। इस सरकार को आम जन के हितों से कोई सरोकार नहीं है, जिन आवश्यक वस्तुओं के दामों में कमी की जानी चाहिए थी, इस सरकार ने उसमें बढ़ोत्तरी करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि इस डबल इंजन की सिर्फ धुआं छोड़ू सरकार ने उत्तराखंड व यहां की जनता को दो चीजें दी, एक तो बेरोजगारी में और दूसरा महंगाई में उत्तराखंड को देश में टॉप करवा दिया। बाकी सब में इनका ग्रेड ‘F’ है यानि फेल, क्योंकि इन्होंने परीक्षा की उत्तर पुस्तिका में अपना नाम तक नहीं लिखा। हर मामलें में ये सरकार फेल साबित हुई है।
इस मौके पर मौजूद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता गुरदीप सप्पल ने कहा कि BJP महंगाई को ‘डायन’ कहती है लेकिन इसी ‘महंगाई डायन’ को पालने में बीजेपी को ज्यादा इंट्रेस्ट क्यूं है? इसका जवाब डबल इंजन सरकार को देना चाहिए। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो गौरव वल्लभ ने महंगाई के मुद्दे पर डबल इंजन सरकार से सवाल पूछ उनका जवाब देने को कहा।
*ये पूछे सवाल*
– पिछले 4 सालों में उत्तराखंड में महंगाई दर, देश की औसत महंगाई दर से ज्यादा क्यों ?
– 98 अरबपतियों की संपत्ति देश के 55 करोड़ 20 लाख लोगों के बराबर क्यों?
– मात्र पिछले 1 वर्ष के अंदर सब्जियां, आवश्यक वस्तुओं के दामों में 100% तक की वृद्धि क्यों?
– रसोई गैस सिलेंडर के दामों में पिछले 1 साल में ₹325 से ज्यादा की वृद्धि क्यों?
– उत्तराखंड की महंगाई दर देश से ज्यादा क्यों और उत्तराखंड के गांवों में महंगाई शहरों से 15% ज्यादा क्यूं ?
पत्रकार वार्ता में गरिमा दसौनी, प्रतिमा सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।