ऋषिकेश/देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता स्व. आनंद सिंह बिष्ट के पार्थिव शरीर का विधि विधान के साथ दाह संस्कार आज ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला के पास गंगा व हेवल नदी के संगम पर फूल चट्टी घाट में किया गया। इस दौरान योगी आदित्यनाथ मौजूद नहीं रहे। बेटे मानवेंद्र सिंह बिष्ट ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
आज सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर स्व. आनंद सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर फूलचट्टी स्थित गंगा घाट पर लाया गया। यहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मदन कौशिक, धन सिंह रावत, संगठन मंत्री अजेय, उत्तर प्रदेश के एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर सौम्य श्रीवास्तव, योगी आदित्यनाथ के ओएसडी राज भूषण सिंह रावत, स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट जैसे समाजसेवी की कमी प्रदेश को हमेशा खलेगी, इनके द्वारा समाज के प्रति किए गए कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा। परमपिता परमेश्वर शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।