उत्तराखंड में कानून व्यवस्था ध्वस्त, देहरादून में फिर सरे आम गोलीबारी और हत्या खोल रही पुलिस के दावों की पोल: धस्माना

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से रसातल में चली गई है और पुलिस का खौफ अपराधियों के दिल दिमाग से पूरी तरह समाप्त हो चुका है। आज तिब्बती मार्केट में प्रेस क्लब से चंद कदमों की दूरी पर हुई गोलीबारी और उसमें हुई युवक की हत्या से कांग्रेस का यह आरोप एक बार फिर साबित हो गया है। यह बात आज एआईसीसी सदस्य व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पत्रकारों से बातचीत में कही।

उन्होंने कहा कि सुबह सुबह परेड ग्राउंड से टेनिस खेल कर अपने घर जाने की तैयारी में अर्जुन शर्मा नाम के युवा पर बेखौफ बदमाशों ने गोलीबारी की और फरार हो गए। उन्होंने कहा कि इसी तरह पिछले सप्ताह पलटन बाजार में गुंजन नाम की युवती का सुबह सुबह बीच पलटन बाजार में एक अपराधी युवा ने चैपड से गर्दन काट कर कत्ल कर दिया और फिर टहलता हुआ पुलिस के पास जा कर आत्मसमर्पण कर दिया। श्री धस्माना ने कहा कि उसी सप्ताह ऋषिकेश समेत तीन युवतियों की हत्या और हरिद्वार में रविदास जयंती पर आयोजित भंडारे में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत का प्रकरण उत्तराखंड को अपराध की श्रेणी में यूपी व बिहार की बराबरी में ला कर खड़ा कर रहा है।

श्री धस्माना ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार को नफरतें फैलाने व नफरती क्रियाकलाप करने वाले अराजक तत्वों की पीठ थपथपाने से फुर्सत नहीं है और उनकी पुलिस को जमीनों के विवाद सुलझाने से फुर्सत नहीं है और अपराधी इन परिस्थितियों का लाभ उठा कर लगातार अपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का आगामी 16 फरवरी को राजभवन कूच का एक प्रमुख मुद्दा प्रदेश की ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था व अंकिता भंडारी समेत राज्य में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रही अपराधिक हिंसा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *