देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को हड़ताल पर बैठे 3 शिक्षक नेताओं के तबादले कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो शिक्षा मंत्री के निर्देश पर विद्यालयी शिक्षा सचिव डॉ. भूपिंदर कौर औलख ने तबादला आदेश जारी किए हैं। शिक्षक नेताओं के तबादलों से जहां शिक्षकों में आक्रोश है वहीं शिक्षक नेता तबादला आदेश को अदालत में चुनौती देने की धमकी दे रहे हैं।
तबादला आदेश के मुताबिक राजकीय शिक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कमल किशोर डिमरी का तबादला राजकीय इंटर कालेज पीपलकोटी, चमोली जिले से राजकीय इंटर कालेज सावरीसैंण चमोली कर दिया है। वहीं राजकीय राजकीय शिक्षक संगठन के महामंत्री सोहन सिंह माजिला का तबादला राज्य परियोजना कार्यालय देहरादून से राजकीय इंटर कालेज छोई, नैनीताल कर दिया है। इसी तरह राजकीय शिक्षक संगठन के पूर्व अध्यक्ष राम सिंह चौहान का तबादला डायट देहरादून से राजकीय इंटर कॉलेज फकोट, टिहरी कर दिया है। शिक्षक नेताओं के तबादलों से जहां शिक्षकों में आक्रोश है वहीं शिक्षक नेता तबादला आदेश को अदालत में चुनौती देने की धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि यह तबादला कानून का सरासर उल्लंघन है क्योंकि उसमें साफ है कि शिक्षक संघों के प्रदेश पदाधिकारियों का तबादला राजधानी से बाहर नहीं हो सकता। शिक्षक नेताओं का कहना है कि तबादलों के पीछे शिक्षकों के आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश है।