देवाल। ब्रह्मताल की सैर पर गए 20 सदस्यीय पर्यटक दल में से भटके एक पर्यटक को वन विभाग तथा पुलिस की टीम ने थराली के रतगांव से सुरक्षित ढूंढ़ लिया है। क्रेजी पिंप्स हिमाचल ट्रैर्क्स संस्था के माध्यम से 26 दिसम्बर को 20 सदस्यीय पर्यटक दल लोहाजंग से ब्रह्मताल ट्रेकिंग पर गया था। दो दिन रुकने के बाद 28 दिसम्बर देर सायं पर्यटक दल लोहाजंग लौट रहा था कि अमन अग्रवाल पुत्र श्रवण अग्रवाल निवासी दिल्ली ग्रुप से अलग हो गया। बाकी सभी सदस्य लोहाजंग पहुंच गए थे। टीम के सदस्यों ने उसकी रातभर खोज की लेकिन उसका पता नहीं चला। इसकी सूचना दल ने थाना थराली व वन विभाग को दी। शुक्रवार सुबह थानाध्यक्ष शशिभूषण जोशी व वन विभाग के अनुभाग अधिकारी आनंद त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ब्रह्मताल ट्रैक के लिए रवाना हुई। टीम को पर्यटक दो बजे थराली ब्लाक के रतगांव से सुरक्षित मिला।