देहरादून। 11 फरवरी से प्रारंभ हुआ उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 33 घंटे 49 मिनट तक चला। सत्र में कुल 710 प्रश्न प्राप्त हुए जिसमें 170 तारांकित प्रश्नों में 101 का उत्तर मिला जबकि 493 अतारांकित प्रश्नों में 340 उत्तरित हुए। इसके अलावा 18 अल्पसूचित प्रश्नों में नौ अल्पसूचित प्रश्नों का जवाब आया।
विस सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल ने बताया कि सत्र में 20, 21 एवं 22 फरवरी को सदन में प्रश्नकाल के दौरान सदन में आए सभी तारांकित प्रश्नों का जवाब आया। उन्होंने बताया कि उनके अध्यक्ष रहते हुए 10 बार ऐसा हुआ है कि सदन के पटल पर रखे गए सभी तारांकित प्रश्नों को प्रश्नकाल के दौरान निर्धारित समय अवधि में जवाब आया। नियम-300 के अन्तर्गत 112 सूचनाएं प्राप्त हुई जिसमें से 29 स्वीकृत एवं 27 सूचनाएं ध्यानाकर्षण के लिए रखी गयी। नियम 53 के अन्तर्गत 72 सूचनाओं में से 10 स्वीकृत एवं 17 ध्यानाकर्षण के लिए रखी गयी।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल ने बताया कि नियम 58 के अंतर्गत 31 सूचनाओं में 17 सूचनाएं स्वीकृत की गयी। नियम 310 के अंतर्गत एक सूचना प्राप्त हुई और वह स्वीकृत की गई। उन्होंने बताया कि सदन में दो गैरसरकारी संकल्प, नियम 105 के अंतर्गत दो प्रस्ताव एवं 125 याचिकाओं में से 32 स्वीकृत याचिकाएं सदन के पटल पर रखी गयी। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी को पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई जबकि 14 को पीएम के दौरे के कारण अवकाश रखा गया।