देहरादून। प्रदेश शासन न कई अफसरों के दायित्वों में फेरबदल किया है। 13 आईएएस अफसरों एक आईपीएस, चार सचिवालय सेवा के अपर सचिवों और सात पीसीएस अफसरों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। जहां कई अफसरों के दायित्व बढ़ाए गए हैं वहीं सचिव विजय कुमार ढौंढियाल को लगभग खाली कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह को उनके पहले के विभागों के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम तथा बहुउद्देश्यीय वित्त विकास निगम के अध्यक्ष का पद दिया गया है। अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश को कौशल विकास एवं सेवायोजन का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। प्रमुख सचिव मनीषा पंवार को पंचायती राज व आयुक्त ग्राम विकास फिर दे दिया गया है। सचिव डॉ. भूपिंदर कौर औलख को उनके पुराने विभागों के साथ ही भाषा, जनगणना, संस्कृत शिक्षा विभाग के साथ ही हिंदी अकादमी का सचिव व भाषा संस्थान के निदेशक का पद भी दिया गया है। सचिव आरके सुधांशु को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। सचिव विजय कुमार ढौंढियाल से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम तथा बहुउद्देश्यीय वित्त विकास निगम के अध्यक्ष का दायित्व हटा कर उन्हें अब केवल कार्यक्रम क्रियान्वयन का दायित्व दिया गया है। प्रभारी सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को बायोटैक्नोलॉजी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। अपर सचिव डॉ. वी षणमुगम से समाज कल्याण व बहुउद्देश्यीय वित्त विकास निगम के एमडी का प्रभार हटाकर उन्हें पीआईयू (सिंचाई) ब्रिज एंड स्लोप्स यूडीआरपी-एएफ के कार्यक्रम प्रबंधक का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। अपर सचिव युगल किशोर पंत को चिकित्सा शिक्षा विभाग भी दे दिया गया है। अपर सचिव भूपाल सिंह मनराल को परियोजना निदेशक उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी(एडीबी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।अपर सचिव राम विलास यादव को बहुउद्देश्यीय वित्त विकास निगम के एमडी का भी प्रभार दिया गया है। अपर सचिव आशीष जोशी को गृह विभाग भी दिया गया है। अपर सचिव डॉ. राघव लंगर से पीएमजीएसवाई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पद वापस ले लिया गया है और उसे अपर सचिव प्रदीप सिंह रावत को सौंप दिया गया है। अपर सचिव विम्मी सचदेवा से निदेशक खेल तथा निदेशक युवा कल्याण का पद लेकर अपर सचिव प्रताप सिंह कौ सौंप दिया है। प्रताप सिंह अभी एडीएम (एफआर) ऊधमसिंह नगर के तैनात हैं। अब उनकी तैनाती शासन में हो गई है। उनकी जगह ऊधमसिंह नगर के विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी उत्तम सिंह को एडीएम (एफआर) ऊधमसिंह नगर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अपर सचिव धीरेंद्र सिंह दताल से माध्यमिक शिक्षा लेकर अपर सचिव रवनीत कौर को दे दिया गया है। अपर सचिव देवेंद्र पालीवाल को उद्यान का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। रुद्रपुर के मुख्य नगर अधिकारी जयभारत सिंह को सचिव जनपदस्तरीय प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर (क्षेत्रीय कार्यालय रुद्रपुर) का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। यह पद पहले पीसीएस पारितोष वर्मा के पास था। पारितोष वर्मा को क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल पंतनगर सितारगंज के पद पर तैनाती दी गई है। हरिद्वार के डिप्टी कलेक्टर पीसीएस कौस्तुभ मिश्रा को क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।