उत्तराखंड : इस दिन होगी वीपीडीओ की परीक्षा

देहरादून। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) चयन परीक्षा के प्रवेश पत्र उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी कर दिए हैं। 196 पदों के लिए वीपीडीओ की परीक्षा 25 फरवरी को होगी।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी के मुताबिक 25 फरवरी 2018 को (सुबह 10 बजे से 12 बजे के मध्य) आयोजित की जाने वाली पदनाम- ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पद कोड- 04 (आर) के कुल 196 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा आयोग द्वारा बीते वर्ष छह मार्च 2016 को कराई गई थी। उक्त परीक्षा में कुछ त्रुटियों के कारण पूर्व में की गई परीक्षा चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद इस परीक्षा के लिए उच्च न्यायालय की एकलपीठ ने 24 अक्टूबर 2017 को और उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने 1 दिसंबर 2017 को परीक्षा पुन: कराने की अनुमति दी। इस परीक्षा में उच्च न्यायालय के आदेशानुसार 87,196 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जो पूर्व की परीक्षा में शामिल हुए थे। सभी 87,196 अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र को डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा राज्य के सभी 13 जनपदों में आयोजित की जा रही है।
इस परीक्षा के लिए आयोग द्वारा देहरादून में 37, हरिद्वार में 34, पौड़ी गढ़वाल में 15, टिहरी गढ़वाल में 12, रुद्रप्रयाग में 11 और उत्तरकाशी में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुमाऊं मंडल में नैनीताल में 23, अल्मोड़ा में 8, पिथौरागढ में 12, चंपावत में 5, बागेश्वर में 4 और ऊधम सिंह नगर में 24 केंद्रों में आयोजित की जा रही है। इस प्रकार यह परीक्षा प्रदेश के कुल 202 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बडोनी के मुताबिक कुछ अभ्यर्थियों के नाम और पिता के नाम में अंतर होने के कारण दो प्रवेश पत्र जारी किए जा सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी अपने नजदीकी परीक्षा केंद्र में स्थित एक परीक्षा केंद्र में शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *