उत्तराखंड: निरंजनी अखाड़े ने की 17 को कुम्भ मेला समाप्ति की घोषणा, अन्य अखाड़ों से की ये अपील

हरिद्वार/देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच हरिद्वार कुम्भ में पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने 17 अप्रैल को कुंभ मेला समापन की घोषणा कर दी है।

अखाड़े के कुंभ मेला प्रभारी एवं सचिव महंत रविंद्रपुरी ने कहा कि कोरोना का प्रसार तेज हो गया है। न केवल साधु संत, अपितु श्रद्धालु भी इसकी चपेट में आने लगे हैं। इस पहलू को देखते हुए निरंजनी अखाड़े के साधु संतों की छावनियां आगामी 17 अप्रैल को खाली कर दी जाएंगी।

इतना ही नहीं उन्होंने बाकी अखाड़ों से भी मेला समाप्त करने की अपील की और कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए लोगों के हित में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

विदित हो कि महाकुंभ में अभी तक अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी समेत कई संत कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इसके अलावा निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर कपिल देव का भी कोरोना से निधन हो चुका हैं।

उधर समाचार लिखे जाने तक निरंजनी अखाड़े की कुंभ मेला समापन की घोषणा के बाद प्रदेश सरकार की और से किसी भी प्रकार प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *