उत्तराखंड: पूर्व CM के पुत्र ने अपनी ही पार्टी पर साधा निशाना

सक्रिय विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही कांग्रेस, इस लोस सीट पर ठोंका दावा
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सुपुत्र आनंद रावत ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस सक्रिय विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं है तो थराली विधान सभा सीट को सौ प्रतिशत कांग्रेस की झोली में आना चाहिए था।
यह बयान जारी कर अप्रत्यक्ष रूप से आनंद रावत ने  यह कहने का प्रयास किया है कि उत्तराखंड में कांग्रेसी नेताओं का त्रिवेंद्र सरकार प्रेम जारी है। जैसे कि पहले भी कई कांग्रेसी इस थराली चुनाव के नतीजे आने के बाद यह बात कह चुके हैं कि राज्य में कांग्रेस में कांग्रेस मुद्दो को लेकर भाजपा की सरकार पर हावी नहीं हो पा रही है और न ही सक्रिय विपक्ष की भूमिका निभा रहा है। आनंद रावत का कहना है कि थराली चुनाव कांग्रेस के हाथों से इसलिए निकला, क्योंकि कांग्रेस मुद्दे उठा ही नहीं पायी। पार्टी महासचिव आनंद रावत का कहना है कि कांग्रेस पार्टी को यह उम्मीद थी कि थराली में कांग्रेस जीत रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि विपक्ष के रूप में कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज सही से नहीं उठा पाई।
आनंद रावत ने कहा कि उनको उम्मीद है कि पार्टी थराली चुनाव से सबक लेते हुए चिंतन और मंथन करेगी। आने वाले समय में सरकार के खिलाफ पुरजोर तरीके से हल्ला बोला जाएगा। पूर्व सीएम हरीश रावत के बारे में उन्होंने कहा कि थराली चुनाव में अगर भीड़ किसी की रैली में थी तो वह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ही रैली में थी। उन्होंने कहा कि हरीश रावत ने पहाड़ों में जाकर केंद्र सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ खूब हल्ला बोला है और उसका जीता जागता उदाहरण केदारनाथ का है, जहां वे दूरबीन लेकर पहुंचे थे, ताकि देश को केदारनाथ में चल रहे कामों को वह दिखा सकें।
आनंद रावत का कहना है कि यह कांग्रेस पार्टी की कमजोरी ही है कि जो दलित बीजेपी के खिलाफ है उन दलितों को ही हम सही से समझा और अपने पक्ष में नहीं ले पा रहे हैं। महासचिव का कहना है कि जिस तरह से शराब के मामले में पार्टी और राज्य की महिलाओं ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोला था अगर उसी मुखर तरीके से उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार के खिलाफ थराली चुनाव से पहले लामबंद तरीके से काम करती तो शायद थराली का परिणाम कुछ और होता।
आनंद रावत का कहना है कि वह पार्टी के नेता हैं और लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लिहाजा इस बार लोकसभा चुनावों में वह नैनीताल से टिकट के लिए पार्टी से आग्रह करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *