ऋषिकेश,(गढ़वाल का विकास न्यूज)। आईएसबीटी, ऋषिकेश के पास आग लगने से तीन खोखे जलकर खाक हो गए। आग लगने से खोखो में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।इस दौरान श्री अग्रवाल ने उपजिलाधिकारी को अग्निकांड से प्रवाहित सभी तीनों खोखे मालिकों को उचित मुआवजा दिए जाने की बात कही।
दोपहर 12 बजे आईएसबीटी स्थित तीन खोखो पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई जिसमें मनोज जाटव, बिट्टू एवं अनिल डंगवाल के खोखे पूर्णरूप से आग में जल गए।दुकानदारों द्वारा बताया गया कि अग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू किया जिससे अन्य खोखो के जलने का खतरा टल गया।
मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने पहुंचकर प्रभावित खोखे मालिकों से मिलकर पूरी जानकारी प्राप्त की साथ ही नुकसान के बारे में जायजा लिया।विधानसभा अध्यक्ष ने मौके पर ही उपजिलाधिकारी को दूरभाष पर प्रभावित खोखे मालिकों को उचित मुआवजा देने की बात कही।वहीं श्री अग्रवाल ने अपने अध्यक्ष विवेकाधीन से भी सभी प्रभावितों को उचित सहायता देने का आश्वासन दिया।
मौके पर खोखे यूनियन के अध्यक्ष चरणजीत सिंह काचू, हरि सिंह रांगड, जसवंत वर्मा, नंदकिशोर जाटव, जीतू मुखर्जी, मयंक, तेजपाल शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।