कांग्रेस: पार्टी नेताओं ने की राहत कार्यों की समीक्षा

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती इंदिरा हृदयेश एवं सह प्रभारी राजेश धर्माणी ने  संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से Corona महामारी में  आम लोगों को हो रही परेशानियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जनता तक पहुंचाए जा रहे राहत कार्यों की समीक्षा की।
जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों से हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस महामारी में हम सब कांग्रेस जनो को पार्टी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी के मार्गदर्शन में गरीबों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर रहना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गरीबों को अपने स्तर से  प्रदेशभर में खाद्यान्न सामग्री, सैनिटाइजर, मास्क, पका हुआ भोजन आदि का वितरण किया जा रहा है उसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। श्री प्रीतम सिंह ने सभी अध्यक्ष गणों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से हर प्रकार की सहायता का आश्वासन दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी जिला एवं महानगर अध्यक्ष गणों ने पार्टी के नेतागणों से अपने विचार साझा किए तथा अपने अपने क्षेत्र में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया। श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि शीघ्र ही पार्टी के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, 2017 में विधानसभा चुनाव लडे कांग्रेस जनों के साथ भी इसी प्रकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश आई टी विभाग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, प्रदेश डाटा विश्लेषण विभाग के अध्यक्ष दीवान सिंह तोमर भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *