कोरोना वायरस: भ्रामक प्रचारों एवं अफवाहों से बचे जनसामान्य: मुख्य सचिव

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कोरोना वायरस  COVID- 19 से निपटने के लिए राज्य के समस्त नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इससे निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। राज्य सरकार द्वारा इस बीमारी से बचने के सम्बन्ध में जागरूकता अभियान निरन्तर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने जनसामान्य से भ्रामक प्रचारों एवं अफवाहों से बचने की भी अपील की है।
मुख्य सचिव ने कहा कि आवश्यक सेवाएं जैसे पानी, बिजली, स्वास्थ्य, सफाई आदि सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। खाद्यान्न, तेल सब्जियाँ, फल, पैट्रोल, डीजल आदि दैनिक आवश्यकता की सभी सामग्रियों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी वस्तुओं तथा सेवाओं की व्यवस्था भविष्य में भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य सचिव ने समस्त नागरिकों से भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने, अनावश्यक यात्राओं से बचने, सामाजिक दूरी बनाए रखने एवं सरकार द्वारा जारी की गयी गाईडलाईन्स का पालन करने हेतु अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गयी जानकारी पर विश्वास रखते हुए अधिक जानकारी के लिए उत्तराखण्ड सरकार के हेल्पलाईन नम्बर 104 एवं 1800-180-1200 पर सम्पर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *