देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। कोरोना वायरस कोविड-19 का संक्रमण निरन्तर जारी है तथा स्थानीय होटल सरोवर पोर्टिकों में प्रवास कर चुके एक अमेरिकी नागरिक को कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षण पाये जाने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गयी सैंपलिंग में यह मामला पाॅजिटिव पाया गया। जिलाधिकारी डाॅ आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा उक्त का संज्ञान लेते हुए होटल सरोवर पोर्टिको में अमेरिकी नागरिक द्वारा प्रवास के दौरान सम्पर्क में आये अन्य व्यक्तियों व कार्मिकों में कोरोना वायरस के संक्रमण की संभावना के दृष्टिगत विद्यमान प्रस्थिति की आकस्मिकता एवं अपरिहार्यता के क्रम में लोक हित में उक्त होटल की गतिविधियां अग्रिम आदेशों तक प्रतिबन्धित कर दी गयी हैं। Uttarakhand Epidemic Diseases, Covid-19 Regulations 2020 Epidemic Diseases Act 1897 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए होटल सरोवर पोर्टिको को तत्काल प्रभाव से लाॅक डाउन कर दिया गया है। साथ ही जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी देहरादून को उक्त कोरोना वायरस संक्रमित अमेरिकी नागरिक के होटल में प्रवास के दौरान सम्पर्क में आये अन्य व्यक्तियों एवं कार्मिकों को यथा शीघ्र चिन्हित करते हुए आयसोलेट करने के निर्देश दिये।