देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिये ग्रामीण आर्थिकी की मजबूती के लिये प्रयास किये जा रहे है इसके लिये ग्रोथ सेन्टरों की स्थापना के साथ ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। परम्परागत खेती के साथ ही जंगलों में होने वाले उत्पादों की भी प्रोसेसिंग पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 58 ग्रोथ सेन्टर की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। नये थीम बेस्ड रोजगार सृजन की योजनाओं पर विशेष फोकस करने के साथ ही होटल व्यवसाय व साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, इसके लिये अलग विभाग भी बनाया जा रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिये 95 विकास खण्डो में ग्राम लाइट योजना के तहत लैम्पों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसमें महिलाओं के साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होने के साथ ही उनकी आर्थिकी भी मजबूत हो सकेगी।