देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से गुरूवार को विधानसभा में हर्रावाला निवासी एवं संत कबीर एकेडमी के कक्षा 6 के छात्र कुमार अद्वैत क्षेत्री ने मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने कुमार अद्वैत क्षेत्री को मात्र 11 वर्ष की उम्र में बिना कार्बन फ्यूल यानी हवा से चलने वाली मोटर साइकिल अद्वैत O2 का सफल आविष्कार करने पर बधाई दी तथा उन्हें भविष्य में विलक्षण आविष्कारों के लिये शुभकामनायें भी दी। मुख्यमंत्री ने श्री कुमार अद्वैत को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के साथ ही एसे प्रतिभावक छात्र को ISRO, IIT जैसे विशिष्ट संस्थानों में प्रशिक्षण प्रदान किये जाने हेतु अनुमोदन पत्र भी प्रदान किया। इस अवसर पर कुमार अद्वैत क्षेत्री के पिता श्री आदेश क्षेत्री, माता श्रीमती अमृता देवी, गोरखा कल्याण परिषद के अध्यक्ष से.नि. ले.क. टी.डी. भूटिया, हर्रावाला के प्रधान श्री श्रवण सिंह आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर सुनी उनकी समस्यायें
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरूवार को विधानसभा में बड़ी संख्या में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्यायें सुनी तथा उनके निराकरण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराने वालो में समाज के सभी वर्गों के लोग तथा विकलांग जन आदि शामिल थे। मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराने वाले लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिये मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।