देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। यदि आप देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में रहते है और अपके भवन का नक्शा पास नहीं है, तो आगामी छावनी परिषद के चुनाव में आप मतदान नहीं कर पाएंगे। चुनाव में मतदान के लिए भवन का नक्शा पास होना अनिवार्य कर दिया गया है।
जनवरी 2020 में छावनी परिषद के सभासदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसके मद्देनजर छावनी क्षेत्र में चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने की कार्यवाही को जोर-शोर से मूर्तरूप दिया जा रहा है। इस मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए इस बार एक बड़ी शर्त जोड़ दी गई है, जिसके तहत कैंट क्षेत्र में जुडे़ नए इलाकों में जिस आवास का नक्शा पास नहीं होगा उसमें रहने वाले लोग मतदान नहीं कर पाएंगे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि आवासीय भवन का नक्शा पास न होने पर उसमें रहने वाला व्यक्ति अपने मत का इस्तेमाल नहीं कर सकता। हालांकि अन्य चुनाव में लोग अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं।
20 जुलाई है मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि
इन दिनों गढ़ी कैंट में मतदाता सूची तैयार करने का काम किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि 20 जुलाई है। वर्तमान में कैंट क्षेत्र की आबादी लगभग 85 हजार है। जिसमें आठ वार्ड शामिल हैं।