देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। ‘‘जनपद के सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय एवं संस्थान किये जायं तम्बाकू से मुक्त’’ यह निर्देश जिलाधिकारी सी रविशंकर द्वारा जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्ष व प्रभारी अधिकारियों को दिये गये। उन्होंने निर्देश दिये कि कोटपा अधिनियम 2003 का प्रभारी क्रियान्वयन करते हुए सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों को तम्बाकू व धूम्रपान मुक्त किया जाय इसके लिए सम्बन्धित अधिकारी स्वयं अथवा किसी प्राधिकृत अधिकारी को नामित करते हुए नियमानुसार अर्थदण्ड तामिल करें और अर्थदण्ड की कृत कार्यवाही को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक चिकित्सा विभाग द्वारा प्रदत्त सलंग्न पत्र पर अपनी ई-मेल पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
खेल महाकुम्भ-2019 को लेकर डीएम ने दिये दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी सी रविशंकर द्वारा खेल महाकुम्भ-2019 की तैयारियों के सम्बन्ध में जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी को महाकुम्भ के तृतीय संस्करण की खेलकूद प्रतियोगिताओं को समुचित ढंग से सम्पादित करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रतियोगिताओं में अधिक-से अधिक खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने, प्रतियोगिता के दौरान क्रिड़ा स्थल पर प्राथमिक उपचार, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था करने और कार्यक्रम के उद्घाटन और समापन के अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जनपद के स्वतंत्रता सेनानी इत्यादि को आमंत्रित करते हुए शुभारम्भ एवं पुरस्कार वितरण कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस बार राज्य स्तर पर 100 मी0 की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिकाओं को चैपहिया वाहन तथा शीर्ष 10 खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान करने की बात कही साथ ही स्थानीय स्तर पर सीएसआर फण्ड से सहयोग प्राप्त करते हएु प्रतियोगिता को और अधिक आकर्षक बनाने के भी निर्देश दिये।
आवेदन पत्र 20 नवम्बर 2019 तक करें प्रस्तुत
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डी.के कौशिक ने अवगत कराया है कि जनपद के डोईवाला/रायपुर/सहसपुर ब्लाकों हेतु पूर्व सैनिक, ब्लाक प्रतिनिधियों की चयन प्रक्रिया माह नवम्बर 2019 के अन्तिम सप्ताह में आयोजित की जायेगी। उन्होंने सम्बन्धित ब्लाक के इच्छुक पूर्व सैनिक जो कि पूर्व सैनिकों एवं सैनिक आश्रितों के कल्याणार्थ समर्पण एवं निष्पक्ष भाव से कार्य करने की इच्छा एवं क्षमता रखते हों, ऐसे पूर्व सैनिक जिला सैनिक कल्याण एवं पुर्नवास कार्यालय देहरादून से सम्पर्क स्थापित कर अपना आवेदन पत्र 20 नवम्बर 2019 तक प्रस्तुत कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कार्यालय सम्पर्क किया जा सकता है।